Need Certified Translation?

Embassy Approved | Apostille | Visa Documents

📞 Call ProLingo Now

हिंदी, अंग्रेजी नहीं, इमोजी है दुनिया की सबसे शक्तिशाली भाषा


प्रोलिंगो न्यूज़:
 
हम धीरे—धीरे वर्चुअल वल्र्ड के नागरिक होते जा रहे हैं। वह दुनिया जहां सब है, लेकिन कुछ भी नहीं है। एक ऐसी आभासी दुनिया जहां समर्थन, विरोध, प्रतिरोध, कैंपेन, हैशटैग के बीच दिनभर करोड़ों हाथ लाइक और शेयर में जुटे रहते हैं। इस दुनिया की मातृभाषा क्या है? सैकड़ों इमोजी से भरे इस संसार की मातृभाषा इमोजी को कहा जा सकता है। चित्र लिपियों से सजी इस भाषा में शायद ही कोई मानवीय अभिव्यक्ति हो जो उपलब्ध न हो। हमारी हर मनोदशा को इमोजी ठीक—ठीक बयां कर देते हैं। 

क्या है इमोजी शब्द का अर्थ, कहां से आया 
इमोजी शब्द मूलत: जापानी भाषा का है। इ का अर्थ है पिक्चर यानी तस्वीर और मोजी का मतलब है पात्र यानी चरित्र। इसका अर्थ हुआ चरित्र की तस्वीर। 1999 में पहली बार जापानी मोबाइल फोन में इमोजी का इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद इमोजी की लोकप्रियता बढ़ती ही गई। 2010 तक दुनिया के हर कोने में इमोजी फैल गया। इमोजी अंग्रेजी के शब्द इमोशन का ही भाव रखता है। आज की तारीख में कोई भी शब्द संदेश ​इमोजी के बिना अधूरा है। 

आक्सफोर्ड ​डिक्शनरी में 2015 में प्रवेश
इमोजी ने आक्सफोर्ड डिक्शनरी में 2015 में प्रवेश किया। हंसते हुए चेहरे पर आंसूओं को 'वर्ड आफ द ईयर' चुना गया। उस साल यह अकेला ऐसा इमोजी था जिसे सबसे ज्यादा उपयोग किया जाने वाला बताया गया था। इस इमोजी का इस्तेमाल आज भी सबसे ज्यादा किया जाता है। खुशी के आंसू, हंसते—हंसते रो देना, रोते हुए हंस देना जैसे भावों से जुड़े संवादों में इसके बिना संदेश संप्रेषित नहीं समझा जाता है। 

इमोजी और स्माइली में क्या है अंतर
हर स्माइली, इमोजी है लेकिन हर इमोजी स्माइली नहीं होता है। जो चित्रलिपियां यानी इमोजी खुशी का भाव व्यक्त करते हैं उन्हें ही स्माइली कहते हैं। यह इमोजी का एक प्रकार हुआ। चूंकि चैट में स्माइली का उपयोग ज्यादा होता है इसलिए इसे इमोजी का पर्याय समझ लिया गया है। 

कौन है इमोजी का पूर्वज 
जी हां, इमोजी आसमान से नहीं टपका। इसके पूर्वजों ने भी इसी धरती पर अवतार लिया था। दरअसल, इमोजी से पहले पहले चित्रलिपि का जो कॉन्सेप्ट आया था उसे 'इमोटिकॉन' (emoticon) कहा गया था। 1982 में कंप्यूटर वैज्ञानिक स्कॉट फ़लमैन ने पहली बार :-)  और :-( चिह्नों का उपयोग किया था। 1990 में माइक्रोसॉफ्ट ने चार्ल्स बिगेलो और क्रिस होम्स के द्वारा विकसित किए गए विंगडिंग्स (Wingdings) फॉन्ट का उपयोग किया। इस फॉन्ट की विशेषता थी कि कई तरह के पिक्टोग्राफ्स को शब्द संदेशों में भेजा जा सकता था। 

शिगेताका कुरिता ने 1999 में बनाए 176 इमोजी
आज की तारीख में जो इमोजी स्मार्टफ़ोन में मौजूद हैं वे पहली बार 1999 में अस्तित्व में आए। जापान की मोबाइल कंपनी डोकोमो के लिए शिगेताका कुरिता ने पहली बार कुल 176 इमोजी का सृजन किया था। शिगेताका कुरिता को आधुनिक इमोजी का पिता माना जाता है। स्मार्टफोन के लिए पहले—पहल इस्तेमाल होने वाले इमोजी के रूप में इसे ही मान्यता दी गई है। 
Previous Post Next Post