प्रोलिंगो न्यूज डेस्क : एयरपोर्ट के लाउंज में लगे यात्रियों को सुझाव वाले बोर्ड पर हिंदी से अंग्रेजी के गलत अनुवाद की एक तस्वीर इस कदर वायरल हुई कि केंद्रीय उड्डयन मंत्री को सफाई देनी पड़ी। पिछले दिनों ट्विटर पर एक यूजर ने तस्वीर शेयर की थी जिसमें लिखा था 'फर्श पर खाना सख़्त मना है' जबकि इस वाक्य को अंग्रेजी में लिखा गया था EATING CARPET STRICTLY PROHIBITED. इस यह तस्वीर इतनी वायरल हो गई कि कई बड़ी शख्सियत ट्विटर पर इसे लेकर आमने—सामने आ गईं। इस मामले को लेकर सियासी शब्दबाण चलने शुरू होते, इससे पहले ही मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट कर तस्वीर की हकीकत सामने रखी। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि 'सुनो ये एक गलत तस्वीर है जो 2015 से वायरल हो रही है, जबकि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने 2019 में भी गलत संकेत पर स्पष्टीकरण जारी किया था'। उड्डयन मंत्री ने अपने ट्वीट में आग्रह किया है कि 'ऐसी तस्वीरों को पोस्ट करने सेे पहले थोड़ा सोचना चाहिए, क्योंकि नकली तस्वीरें पोस्ट करना सही नहीं है'।
इससे पहले इस तस्वीर को लेकर ट्विटर पर एक यूजर ने लिखा था कि 'एएआई को भाषा को सही करने के लिए कांग्रेस नेता शशि थरूर की मदद की आवश्यकता है'। उस पर प्रतिक्रिया देते हुए थरूर ने कहा था कि वो सुधारी नहीं जा सकती है। 2019 में एक्ट्रेस शबाना आजमी ने भी इंस्टाग्राम पर एयरपोर्ट की एक फोटो शेयर की थी, जिसके बाद एएआई ने इसे फेक बताया था।
